तुमगांव:पीछे से आई अज्ञात बाइक ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरकर बुजुर्ग घायल

तुमगांव। ग्राम पीढ़ी निवासी पीलूराम यादव 5 सितंबर को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर उनके पुत्र ने 1 अक्टूबर को थाना तुमगांव पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, पीलूराम यादव मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HH 1706 से सिरपुर से अपने घर ग्राम पीढ़ी लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे ग्राम खड़सा के पास तालाब किनारे पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पीलूराम सड़क पर बैठे जानवर से टकराकर गिर पड़े और बेहोश हो गए। हादसे में उनके सिर, सीने और हाथ में चोटें आईं।
घायल को डायल-112 के माध्यम से सीएचसी तुमगांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। परिजन उन्हें सोहम अस्पताल महासमुंद ले गए, जहां उनका उपचार जारी रहा। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पुत्र ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।






























