कोमाखान :खम्भा तालाब शिव मंदिर में तोड़फोड़, रोकने पर गाली-गलौज और मारपीट

कोमाखान। थाना कोमाखान क्षेत्र के ग्राम कोमाखान स्थित खम्भा तालाब शिव मंदिर में धार्मिक वस्तुओं से तोड़फोड़ और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे खम्भा तालाब स्थित शिव मंदिर में भगवान के त्रिशूल और डमरू को तोड़कर क्षतिग्रस्त किया गया। शिकायतकर्ता मनोज विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने इस कृत्य का विरोध किया तो कौशल दास मानिकपुरी उर्फ पिंटू ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे हेमंत ठाकुर के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
शिकायत में मंदिर को और क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करने तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GG 2975 में डंडे से तोड़फोड़ करने की कोशिश का भी उल्लेख किया गया है। आवेदन में लोकेन्द्र दास मानिकपुरी और कौशल दास मानिकपुरी उर्फ पिंटू के नाम का उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 296, 115(2), 298, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।




























