सरायपाली:तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खेत में गिरी, चालक की मौत

सरायपाली। थाना सरायपाली क्षेत्र के बोडेसरा नाला के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान देवेन्द्र साव (27), पिता नारायण साव, निवासी मल्दा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक JH 02 BV 6028 का चालक देवेन्द्र साव अपने साथी अशोक कुमार के साथ 8 अगस्त को रायपुर से रायगढ़ की ओर जा रहा था। बोडेसरा नाला के पास चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा। दुर्घटना में देवेन्द्र साव और अशोक कुमार को चोटें आईं।
दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायपाली लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद देवेन्द्र साव को 9 अगस्त की रात 1:10 बजे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मर्ग जांच में वाहन चालक का कृत्य प्रथम दृष्टया धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) बीएनएस के तहत अपराध घटित करना पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।






























