पिथौरा

पिथौरा:दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से बिखरा माल और सामान चोरी

दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से बिखरा माल और सामान चोरी, अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पिथौरा, महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम मुढीपार क्रॉसिंग के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए एक ट्रक से बिखरे सामान को अज्ञात लोगों द्वारा ले जाने तथा ट्रक में रखे सामान की चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित ट्रक मालिक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के मुंबई निवासी इंद्रजीत सिंह (54 वर्ष) ने थाना पिथौरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि उनका ट्रक क्रमांक CG 04 QM 3809 दिनांक 17 जून 2026 को मुंबई के पातालगंगा से 25 टन रिलायंस पाउडर और 10 टन प्याज लेकर बालासोर (ओडिशा) के लिए रवाना हुआ था। ट्रक को चालक जुझार सिंह चला रहा था।
शिकायत के अनुसार, 21 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम मुढीपार क्रॉसिंग के पास एक ट्रेलर वाहन द्वारा कट मारने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक में लदा प्याज और रिलायंस पाउडर सड़क किनारे बिखर गया।
आरोप है कि दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने बिखरे हुए उपयोगहीन प्याज, जिसकी कीमत लगभग 35,725 रुपये बताई गई है, को बेईमानीपूर्वक अपने कब्जे में लेकर ले गए। इसके अलावा क्षतिग्रस्त ट्रक में रखे जैक रॉड, दो बैटरियां, तिरपाल एवं अन्य सामान, जिनकी कीमत करीब 23 हजार रुपये बताई गई है, को भी अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर लिया गया। साथ ही वाहन को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 314 एवं 324 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!