बसना:आम के पेड़ के नीचे गाना बजाने को लेकर विवाद, गर्भवती महिला सहित पति से मारपीट

बसना । गांव में मोबाइल पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक और उसकी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़पटनी निवासी इंद्रकुमार कैवर्त, जो मोटर वाइंडिंग का कार्य करते हैं, ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 24 जून 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे वह खेत से घर लौट रहे थे। घर के पास आम के पेड़ के नीचे खड़े होकर उन्होंने अपने मोबाइल फोन के यूट्यूब पर संबलपुरी गीत स्पीकर के माध्यम से चलाया।
इंद्रकुमार के अनुसार, वहां पहले से मौजूद मोनू, शत्रुघ्न और एक अन्य व्यक्ति ने एकराय होकर उनसे अश्लील गाली-गलौच शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे। शोर सुनकर उनकी पत्नी उमा कैवर्त बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, जिस दौरान आरोप है कि शत्रुघ्न ने उनके पेट पर लात मार दी। उमा कैवर्त गर्भवती हैं।
मारपीट की घटना में इंद्रकुमार को दोनों आंखों, माथे और चेहरे पर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी को पेट में चोट पहुंची। पीड़ित ने बताया कि गांव एवं परिवार के लोगों से सलाह-मशविरा करने के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।































