सरायपाली:तेज रफ्तार आर्टिका ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक घायल

सरायपाली । ग्राम उमरिया नाला के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आने के कारण उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम संकरी निवासी एक किसान ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र लिंगराज पटेल 14 जून 2026 को सुबह लगभग 8 बजे अपने मित्र की मोटरसाइकिल सीडी 110 क्रमांक CG06 GM 5388 से ग्राम बेंदारी जाने के लिए घर से निकला था। मोटरसाइकिल को लिंगराज चला रहा था, जबकि पीछे उसके मित्र उत्तरा निषाद सवार थे।
बताया गया कि सुबह करीब 9:30 बजे जब दोनों ग्राम उमरिया नाला के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही आर्टिका कार क्रमांक CG06 HA 6165 के चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में लिंगराज पटेल के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई, वहीं पीछे बैठे उत्तरा निषाद भी घायल हो गए।
घटना के बाद डायल-112 की सहायता से लिंगराज पटेल को भंवरपुर स्थित श्री श्याम हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जबकि उत्तरा निषाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद लिंगराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जहां वर्तमान में बालाजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
घायल युवक के परिजनों ने उपचार के बाद 25 जून 2026 को थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों एवं वाहन चालक की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है।
































