बागबाहरा:तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

बागबाहरा। थाना बागबाहरा पुलिस ने सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के मामले में बोलेरो वाहन चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बागबाहरा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक द्वारा मर्ग क्रमांक 35/2026 धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान यह पाया गया कि मृतक पीयूष पाण्डे (23 वर्ष), पिता हरिशंकर पाण्डे, निवासी वार्ड क्रमांक 01, भानपुर, बागबाहरा की मृत्यु सड़क दुर्घटना में लगी गंभीर चोटों के कारण हुई थी।
पुलिस जांच में मृतक के परिजन वेंकटेश पाण्डे, यशवंत पाण्डे, अक्षय पाण्डे, फरहान अली उर्फ मलिक एवं मोहम्मद सोनू के कथन दर्ज किए गए। परिजनों ने बताया कि दिनांक 17 फरवरी 2026 को लगभग सुबह 11 बजे पीयूष पाण्डे अपने घर से बागबाहरा कॉलेज के पास किसी कार्य से गया हुआ था। इसी दौरान बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 06 जीएक्स 5570 के चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उसे टक्कर मार दी, जिससे पीयूष के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल पीयूष को उपचार के लिए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 19 फरवरी 2026 को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल द्वारा जारी मेमो में मृत्यु का संभावित कारण सड़क दुर्घटना (A/H/O-RTA) बताया गया है।
मौदहापारा थाना रायपुर में दर्ज मर्ग क्रमांक 00/127/2026 की डायरी प्राप्त होने के बाद थाना बागबाहरा में असल मर्ग कायम कर जांच की गई। संपूर्ण जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि बोलेरो वाहन चालक की तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण दुर्घटना हुई, जिससे पीयूष पाण्डे की मृत्यु हुई। इस आधार पर पुलिस ने बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 06 जीएक्स 5570 के चालक के विरुद्ध धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।






























