बागबाहरा

बागबाहरा:चाकू की नोक पर युवक से ढाई लाख की सोने की चेन लूटी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

बागबाहरा। शहर के गणेश पारा निवासी एक युवक से तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा चाकू की नोक पर सोने की चेन एवं कड़ा लूट लेने का मामला सामने आया है। घटना की रिपोर्ट पर बागबाहरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 05 गणेश पारा, बागबाहरा निवासी एवं श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक नीलेश कुमार सोनी (40 वर्ष) ने थाना बागबाहरा में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 24 जून 2026 की शाम लगभग 7 बजे से 7:30 बजे के बीच उनके पुत्र शुभ सोनी अपने मित्र श्रेयांश जैन के साथ स्कूटी से झलप रोड की ओर घूमने गए थे। दोनों युवक महोबिया ट्रेडर्स के पीछे स्थित मैदान में बैठे हुए थे।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक, जिन्होंने अपने चेहरे स्कार्फ से ढंक रखे थे, वहां पहुंचे और चाकू दिखाकर शुभ सोनी के गले से सोने की चेन तथा श्रेयांश जैन के हाथ में पहना हुआ कड़ा लूटकर बागबाहरा की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शुभ सोनी ने अपने पिता नीलेश कुमार सोनी को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद वे तत्काल घटनास्थल पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व अपने पुत्र को लगभग 25 ग्राम वजन की सोने की चेन दी थी, जिसकी वर्तमान कीमत लगभग 2 लाख 38 हजार रुपये है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बागबाहरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!