Dhoom 4 की शुरू हो गई तैयारी, क्या सलमान खान को रिप्लेस कर शाहरुख ने हथियाई फिल्म

देश दुनिया , बॉलीवुड रिपोर्ट /मुंबई. लंबे समय से यशराज बैनर की ‘धूम’ फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म की खबरें सामने आ रही हैं और इसी के साथ धूम 4 में सलमान खान को कास्ट करने की खबरें भी आई थीं लेकिन अब वो खबर आ रही है जिससे सलमान खान के फैंस को झटका लग सकता है। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान यशराज बैनर की फिल्म में काम करने वाले हैं। यशराज बैनर के साथ शाहरुख खान की यह 11वीं फिल्म होगी। शाहरुख खान ने एक बार फिर यशराज फिल्म के साथ काम करने का फैसला किया है।
हालांकि शाहरुख अभी निर्देशक आनंद एल राय की फिल्म जीरो की शूटिंग में व्यस्त हैं लेकिन खबर है कि उन्होंने आदित्य चोपड़ा को अगली फिल्म के लिए हामी भर दी है। जीरो की रिलीज के बाद शाहरुख खान यशराज बैनर की फिल्म पर काम शुरू करेंगे। मीडिया गलियारों की हो रही चर्चा की मानें तो यशराज बैनर ने धूम के चौथे भाग की तैयारी शुरू कर दी है और शाहरुख के साथ इसी फिल्म पर काम किया जाएगा। पहले धूम 4 के साथ सलमान का नाम सामने आया था। हालांकि चर्चा ये भी है कि आदित्य चोपड़ा कुछ समय से एक योद्धा की कहानी पर फिल्म बनाना चाहते हैं वो ये फिल्म हो सकती है।

























