बसना :महिला के घर में घुसा युवक, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी

बसना।जिले के एक गांव में महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट, अभद्रता और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जगदीशपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करती है। 26 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर में मौजूद थी, तभी गांव का निवासी नौरत्तम रौतिया उसके घर में घुस आया। महिला द्वारा घर आने का कारण पूछने पर आरोपी ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ गलत काम करने की नियत से हाथ और बांह पकड़कर मारपीट की तथा उसके पहने हुए कपड़े (नाइटी) को खींचकर फाड़ दिया। इसके बाद महिला घर से बाहर निकली तो आरोपी ने बाहर पड़े बांस के डंडे से भी उसके साथ मारपीट की।
जान बचाने के लिए महिला पड़ोसी गुलाब सोनी के घर पहुंची, लेकिन वहां भी आरोपी ने उसके साथ मारपीट जारी रखी। घटना में महिला के बाएं हाथ, दाहिने कंधे और चेहरे पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान गुलाब सोनी, यशोदा सोनी, टिकेश्वर सोनी एवं गीता सोनी ने बीच-बचाव किया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी नौरत्तम रौतिया के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
































