सरायपाली : हड़ताल से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई….मरीज निजी अस्पतालों में जाने के लिए मजबूर

मरीज निजी अस्पतालों में जाने के लिए मजबूर सरायपाली। वर्तमान में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले समस्त विभाग के अधिकारी कर्मचारी अपने 2 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर हैं। इस हड़ताल से सभी विभागों के सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें से स्वास्थ्य विभाग भी अछूता नहीं रहा है। स्वास्थ्य कर्मचारियों के भी हड़ताल में शामिल हो जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों का बुरा हाल हो गया है और यहां इलाज के लिए आने वाले मरीज दर-दर भटक रहे हैं। बहरहाल स्वास्थ्य केन्द्र में ताला लटका मिलता है। 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतनमान के अनुरूप गृहभाड़ा भत्ता प्रदान करने की मांग को लेकर पूरे प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत अधिकारी कर्मचारी काम बंद कर आंदोलन कर रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों के भी हड़ताल पर चले जाने से विकासखण्ड के ओडिशा सीमा पर स्थित पझरापाली के हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और मरीजों को सही समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है. यह वेलनेस सेंटर विकासखण्ड से 25 किमी दूर सुदूर आदिवासी बाहूल्य ओड़िशा सीमा पर स्थित है तथा उस क्षेत्र का एकमात्र स्वास्थ्य केन्द्र है, जहां जटाकन्हार, बेल्डीह, पठारीपाली, जगदल्ला, राजाडीह, खीरापाली, धौराभांठा, पुटका, बिजराभांठा, नवापारा, भालूकोना, पण्डापारा आदि के ग्रामीण इस स्वास्थ्य केन्द्र में ईलाज के लिए पहुंचते है। ग्रामीण हरिशंकर नेटी, उद्धव, सादराम सिदार, ओभीराम, कमल सिंह, भजो सिदार, धरमो आदि ने बताया कि इस क्षेत्र का एकमात्र स्वास्थ्य केन्द्र हैं जहां लोग सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी, दस्त, डिलीवरी, आदि के लिए मरीज ईलाज कराने पहुंचते हैं। परंतु 4 दिनों से कर्मचारी हड़ताल पर हैं और जो भी स्वास्थ्य केन्द्र ईलाज के लिए पहुंचता है वह उदास होकर मजबूरन वापस किसी प्रायवेट डाॅक्टर या सरायपाली में आकर ईलाज कराने के लिए मजबूर है। हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर पझरापाली के आर एच ओ श्रीमती किरण सिंह ने बताया कि रोज यहां मरीज आ रहे हैं, परंतु ईलाज के अभाव में वापस जा रहे हैं। इन 4 दिनों में 3-4 डिलीवरी केस आए थे, जिन्हें मजबूरन वापस भेजना पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांग पूरी होते तक वे ईलाज नहीं करने के लिए बाध्य हैं।

























