सरायपाली : अंचल के इस गांव में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर अब लगेगा जुर्माना

सरायपाली. समीपस्थ ग्राम परसदा में गांव को नशा मुक्त करने सरपंच, पंच व ग्रामीणों द्वारा बैठक बुलाकर अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने, शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर अंकुश लगाने जुर्माना से दंडित करने का पंचायत में निर्णय लिया गया है। इसमें शराब परोसने (बेचने) वाले को 50 हजार रुपए व पीने वाले को 21 हजार से दंडित किया जाएगा।ग्रामीणों द्वारा बैठक में लिए गए सामूहिक रूप से निर्णय के बाद अवैध शराब बिक्री पर पुलिस को नहीं बल्कि, ग्रामीणों को सूचना देंगे। सभी ग्रामीण एकजुट होकर शराब पकड़ेंगे और गांव में लिए गए निर्णय अनुसार उसे जुर्माना से दंडित किया जाएगा। बस्ती सरायपाली के बाद ग्राम परसदा में ग्रामीणों की एकजुटता देखने को मिल रही है। जो गांव को शराब मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार विगत 2 दिन पूर्व ग्राम परसदा में सभी ग्रामीणों की एक आवश्यक बैठक रखी गई थी। ग्रामीणों द्वारा निर्णय लिया गया कि गांव को नशा मुक्त करने गांव में बिक रही अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए शराब बेचने वालों पर 50 हजार रुपए जुर्माना व शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर 21 हजार रुपए जुर्माना करने का निर्णय लिया गया है। गांव की मीटिंग में यह भी चर्चा हुई कि अगर किसी के यहां अवैध शराब बेचने की सूचना मिलती है, तो पूरे गांव के लोग उसके घर शराब पकड़ने के लिए पहुंचेंगे। इसके अलावा गांव में मुनादी भी करवाई गई है।
बस्ती सरायपाली में भी गांवों ने की पहल
ज्ञात हो कि विगत दिनों बस्ती सरायपाली में भी शराब बेचने वालों को सामूहिक रूप से बैठक रखकर समझाइश दी गई थी और गांव को नशा मुक्त करने की शुरुआत की गई थी। इसका असर अब ग्रामीण अंचलों में भी देखने को मिल रहा है। गांवों के ग्रामीणों में भी बस्ती सरायपाली व परसदा गांव जैसे एकजुट होकर गांव को नशा मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़े तो गांवों को नशा मुक्त करने से कोई नहीं रोक सकता। गांव में एकजुटता रही तो शराब के मामले में पुलिस को भी गांव में जाने की नौबत ही नहीं आएगी और ना ही गांव से कोई शराब के प्रकरण सामने आएंगे।
























