भाजपा नेता पर 35 लाख रुपये ठगी का आरोप

भिलाई(काकाखबरीलाल)। एक रेत ठेकेदार ने भिलाई के भाजपा नेताओं पर 35 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि इस ठगी का उसके पास सारा प्रमाण मौजूद है, फिर भी पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है। ठेकेदार ने सात जनवरी से आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
सेक्टर-5 निवासी शैलेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि 2014 में उसके द्वारा चाराम स्थित सराधुनवागांव में रेत खदान का संचालन किया जा रहा था। जिसे तत्कालीन प्रभारी मंत्री ने रुकवा दिया था। रेत खदान चालू करवाने के लिए भिलाई के एक बड़े भाजपा नेता से मिलने गए थे। जहां मुन्नाा पांडेय, आशीष पांडेय तथा बसंत साहू से उसकी मुलाकात हुई।
तीनों ने उसे रेत खदान चालू कराने का आश्वासन दिया और इसके एवज में 50 प्रतिशत की पार्टनरशीप की शर्त रखी तथा होने वाला सारा खर्च शैलेंद्र पांडेय को करने को कहा। शैलेंद्र के मुताबिक उसे धीरे-धीरे उसके ही रेत खदान से अलग कर दिया गया। बाद में यह रेत खदान मुन्नाा पांडेय ने ले लिया। शैलेंद्र पांडेय का कहना है कि उसे धोखे में रखकर 35 लाख रुपये खर्च भी करवा लिया गया।
शैलेंद्र पांडेय के मुताबिक वह पांच साल से अपने साथ हुए धोखाधड़ी का प्राथमिकी दर्ज कराने घूम रहा है, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। शैलेंद्र का कहना है कि इस संघर्ष में उसका मकान, वाहन सब बिक गए, पर किसी ने मदद नहीं की। अब वह परिवार संचालन के लिए 10 -20 रुपये के लिए तरस रहा है। शैलेंद्र पांडेय ने पैदल मार्च कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने तथा सात जनवरी से सेक्टर-9 चौक पर आमरण अनशन पर बैठने की बात कही है। उसने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, डीजीपी तथा भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया है।।
मुन्ना पांडेय, भाजपा नेता, भिलाई ने कहा कि मैं उस व्यक्ति को जानता तक नहीं। न कभी फोन पर बात हुई। पांच साल पूर्व भी मेरे खिलाफ ऐसा कर चुका है। यह राजनीतिक दुर्भावनावश छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

























