
किसानों के हित में डॉ. रमन सिंह ने की दो प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने दी दो अरब 65 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात
महासमुंद/सराईपाली। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान महासमुंद जिले के सरायपाली में विशाल आम सभा को संबोधित करते हुए किसानों के हित में दो प्रमुख घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि किसानों को विद्युत पंप के उर्जीकरण के लिए प्रति पंप एक लाख रूपए की दर से अनुदान राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा वर्तमान में किसानों को सात हजार पांच सौ यूनिट बिजली प्रतिवर्ष निःशुल्क दी रही है। किसानों के पास दो या दो से अधिक पंप होने पर अधिक उर्जा खपत होती है। ऐसे किसानों को बिजली बिल के रूप में फ्लेट रेट से विद्युत की सुविधा का विकल्प भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 2 अरब 65 करोड़ 80 लाख, 96 हजार रूपए लागत के 53 विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 1 अरब 18 करोड़ 84 हजार रूपए लागत से पूर्ण हो चुके 35 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया और 1 अरब 47 करोड़ 80 लाख 12 हजार रूपए लागत से बनने वाले 18 निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 90 हजार 917 किसानों को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बोनस के रूप में लगभग 165 करोड़ 12 लाख रूपए की राशि भी प्रदाय की और कहा कि उनके खातों में यह राशि तत्काल पहुंच जाएगी।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिले के प्रभारी एवं सहकारिता मंत्री दयाल दास बघेल, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, संसदीय सचिव एवं बसना विधायक श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण उपाध्यक्ष चुन्नीलाल साहू, सरायपाली विधायक रामलाल चौहान, विधायक महासमुंद डॉ. विमल चोपड़ा, राज्य वनऔषधी बोर्ड के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, राज्य अक्षय उर्जा विकास एंजेसी अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड अध्यक्ष चन्द्रषेखर पाड़े, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चन्द्राकर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब परिवार किसी भी गंभीर बीमारी का इलाज आसानी ने करा सकेंगे। ऐसे गरीब परिवारों को एक साल में पांच लाख रूपए तक के निःशुल्क ईलाज की सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत हर घर में बिजली के कनेक्शन दिए जा रहे है। अब हर गांव और हर घर में बिजली होगी। उन्होंने सूचना क्रांति योजना ’स्काई’ की जानकारी देते हुए कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों, श्रमवीरों और ग्रामीणों को 50 लाख स्मार्ट फोन निःशुल्क वितरित किए जाएंगें। अब एक साथ 50 लाख हाथों को स्मार्ट फोन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं से गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। पिछले 15 वर्षो में किसानो, गरीबों, मजूदरों और महिलाओं के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब कोई भी व्यक्ति भूखा पेट नही सोता, मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना में सभी गरीब परिवारों को एक रूपये किलो में चावल, निःशुल्क नमक और 5 रूपए में एक किलो चना उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में साढ़े बारह लाख आबादी पट्टों का वितरण किया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक रामलाल चौहान ने राज्य और केन्द्र शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी ओर प्रगति हो रही है वे जनता के हित के लिए रात-दिन मेहनत कर रहे हैं। इस अवसर पर कलेक्टर हिमशिखर गुप्ता, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋतुराज रघुवंशी भी उपस्थित थे।

























