सरायपाली

धान की राशि लेने के लिए रात्रि 10:00 बजे से लाइन लगा रहे हैं किसान..बैंक में 12 घण्टा इंतजार के बाद आता है नंबर…

-साढे10 बजे बैंक खुलने का समय, लेकिन साढे 11 बजे खुलता है बैंक

काकाखबरीलाल,सरायपाली । धान खरीदी केंद्रो में धान बेचे जाने के बाद किसान अब राशि के लिए बैंक में रतजगा कर रहे हैं. उनको बैंक द्वारा मिला एटीएम केवल शो-पीस बन गया है. स्वयं बैंक का तो एटीएम मशीन नहीं है और अन्य बैंक के एटीएम मशीन से पैसे नहीं निकल रहे हैं. जिससे किसान बैंक से राशि पाने के लिए रात्रि 10 बजे से लाईन लगाना शुरू कर देते हैं. 12 घण्टे के इंतजार के बाद उनकी बारी आती है. लेकिन बैंक वालों की मनमानी के चलते किसानों को बैंकिंग समय में भी राशि नहीं मिल पाता है, आज ऐसा ही कुछ सरायपाली जिला सहकारी बैंक में देखने को मिला. जहां पर सैकड़ों किसान अपनी बारी के इंतजार में लाईन में लगे हुए थे.

जिला सहकारी बैंक सरायपाली अंतर्गत 14 धान खरीदी केंद्र आते हैं जहां के लगभग 3500 किसानों को बैंक द्वारा एटीएम कार्ड भी प्रदान किया गया है. लेकिन एटीएम कार्ड से शुरूवाती दौर में ही अन्य बैंक के एटीएम मशीन से पैसे निकलते थे. कुछ दिनों बाद उससे राशि निकलना बंद हो गया. सहकारी बैंक में भी आज तक एटीएम मशीन नहीं लग सका है. जिसके चलते एटीएम कार्ड केवल शो-पीस बनकर रह गया है. धान की राशि पाने के लिए रात्रि 10 बजे से कड़कड़ाती ठंड में लाईन लगे किसान बेगीलाल नायक बरिहापाली, सुंदरलाल पटेल कनकेवा, रोहिदास सिदार कनकेवा, भागीरथी डडसेना कनकेवा, पनकु, बिरंची पटेल, संतराम बुडेक दर्राभांठा, अशोक प्रधान पतेरापाली, सेतकुमार दीवानपाली ने बताया कि उन्हें अपनी बारी के लिए बैंक खुलने का इंतजार करना पडेगा. वहीं एटीएम धारी सुंदरसिंह पाटसेंद्री, वृंदावन निषाद बांजीबहाल एवं अशोक प्रधान ने बताया कि एटीएम उन्हें मिला है लेकिन अन्य बैंक के एटीएम मशीन से धान की राशि नहीं निकल रही है. जिसके चलते वे भी राशि के लिए बैंक में लाईन लगाए हैं. बैंक वालों की मनमानी भी देखी जा रही है, कि वे समय पर बैंक नहीं खोल रहे हैं. आज तो बैंक साढे 10 बजे की जगह साढे 11 बजे खोला गया था. बैंक वालों की मनमानी से किसान भी चिंतित हैं. उन्होने कहा कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को भी त्वरित समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक पहल करनी चाहिए.

व्यवस्था सुधारने के लिए बैंक को किया गया है निर्देशित-तहसीलदार

इस संबंध में सरायपाली तहसीलदार ललिता भगत ने पूछे जाने पर बताया कि कई तरह की समस्या बैंक में आज देखने को मिली. लिमिट से अधिक पैसे देने के लिए टोकन काटना, बैंक खुलने के समय में मनमानी, एक कैश काउंटर के अलावा पर्याप्त कैश का अभाव आदि आज देखा गया, जिसे सुधारने के लिए निर्देशित किया गया है.

कैश काउंटिंग के कारण बैंक खुलने में होती है देरी-नायक

जिला सहकारी बैंक के मैनेजर युवराज नायक से एक घण्टा विलम्ब से बैंक खोलने के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि कैश काउंटिंग के कारण बैंक का मुख्य द्वार खोलने में लेट हुआ है. कभी कभार ही ऐसा होता है, कल से नियमित समय में खुलेगा. जब वहां से प्राप्त एटीएम का अन्य बैंक के एटीएम मशीन से राशि नहीं निकलने की बात पूछने पर बताया कि एटीएम हेड आॅफिस से ही बंद हो गया है, जिसके चलते अन्य बैंक के मशीन से राशि नहीं निकल रहे हैं, बैंक में स्वयं का एटीएम नहीं होने की बात पर बताया कि एटीएम मशीन केवल हेड ब्रांच में ही लगाई गई है. अन्य ब्रांच में कहीं पर भी मशीन नहीं लगी है. जिसके चलते स्थानीय उपभोक्ताओं को एटीएम का लाभ नहीं मिल रहा है. प्रतिदिन 500 से 600 किसानों को लगभग 2.5 करोड़ राशि का वितरण किया जा रहा है.

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!