महासमुन्द : ‘मेरा वोट मेरा भविष्य है-एक वोट की शक्ति’…मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में भाग लेने की तिथि में 31 मार्च तक वृद्धि

भारत निर्वाचन आयोग मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता ‘‘मेरा वोट मेरा भविष्य है-एक वोट की शक्ति’’ प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 मार्च निर्धारित थी। इस प्रतियोगिता में प्रविष्टि प्रेषित करने की अवधि में वृद्धि करते हुए अब 31 मार्च 2022 तक कर दी गई है।
कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने विगत दिवस समीक्षा बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित जिले के सभी अधिकारियों एवं विद्यालय, महाविद्यालय के प्राचार्यों को इस प्रतियोगिता में सभी को भाग लेने तथा स्वीप ग्रुप में फोटो शेयर करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सभी बैंकों में प्रतियोगिता के पोस्टर चस्पा कर प्रचार-प्रसार करने, जिला आबकारी अधिकारी को स्थानीय चैनलों एवं सिनेमा हॉल में पोस्टर प्रदर्शन करने, जिला खाद्य अधिकारी को सभी उचित मूल्य की दुकानों में पोस्टर चस्पा कराने, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पोस्टर चस्पा करवाने के निर्देश दिए है।























