जिले में बेमौसम बारिश से सरसों के फूलों में लगे सूक्ष्म कीट

जिले में बेमौसम बारिश की चपेट में आने से चना, गेहूँ, मटर सहित तिलहन की फसलों पर भी असर नजर आने लगा है। खराब मौसम के कारण सरसों के फूल झड़ चुके हैं, वहीं बारिश से बचे सरसों के फूल खेतों में पूरी तरह खिले-खिले नजर तो आ रहे हैं, लेकिन इन फूलों पर अब सूक्ष्म कीड़ों का प्रकोप हो गया है। इस फसल को अब समय रहते कीटनाशक दवाई का छिड़काव कर बचाने की जरूरत है, जिसके कारण किसान अपने फसलों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। सरसों तिलहन की मुख्य फसल है, जो बेमौसम बारिश की चपेट में आने से प्रभावित हुई है। इसके कारण सरसों का उत्पादन प्रभावित होना तय माना जा रहा है, जिससे तेल के भाव पर भी असर पड़ सकता है। जिले में बेमौसम बारिश से बर्बाद फसलों का कृषि विभाग द्वारा मूल्यांकन किया जा रहा है, लेकिन उनके द्वारा चना गेहूँ मटर लाखड़ी जैसे तत्काल बर्बाद हुई फसलों का मूल्यांकन किया जा रहा है। लेकिन, तिलहन की फसल सरसों का मूल्यांकन या आंकलन कर पाना किसानों के साथ कृषि अधिकारियों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है। अधिकांश किसानों की फसल अभी फूलों के कारण खूबसूरत नजर आ रही है, लेकिन इन फूलों पर सूक्ष्म कीड़ों का प्रकोप हो गया है।





























