होम क्वारैंटाइन वाले लोग अगर घर से निकले तो पुलिस के पास पहुंचेगी संदेश

(जांजगीर काकाखबरीलाल). प्रदेश में बाहर से आए लोगों को बड़ी संख्या में होम क्वारैंटाइन में रखा गया है। ऐसे में कई ऐसे भी हैं, जो नियमों का उल्लंघन कर बाहर घूमने निकल रहे हैं। इसे देखते हुए जांजगीर पुलिस ने पहल की है। अब जिला पुलिस लोगों की ऑनलाइन निगरानी करेगी। प्रदेश में पहली बार ऑनलाइन निगरानी करने के लिए एप बनाया जा रहा है। इसमें होम आइसोलेटेड लोग प्रत्येक घंटे अपनी सेल्फी भेजेंगे व घर से 200 मीटर दूर जाने पर पुलिस को अलर्ट मैसेज आ जाएगा। जिले में विदेश या अन्य राज्यों से आए हुए करीब 7000 लोगों को निगरानी में रखा गया है। ये लोग घरों से बाहर न निकले इसे भी हर हालत में बनाए रखना है। ऐसे में इन पर नजर रखने के लिए नई तकनीक का उपयोग करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए साइबर सेल के माध्यम से जिले के थाना प्रभारी एवं मेडिकल व राजस्व टीम को प्रशिक्षित किया गया। एसपी माथुर ने एक विशेष टीम गठित की है। उक्त टीम ने एक नवीन मोबाइल एप बनाया है जिसमें प्रत्येक 1 घंटे में होम आइसोलेटेड सेल्फी भेजेंगे और अपने घर से 200 मीटर दूर जाने पर अपने आप एसएमएस अलर्ट उन्हें मिल जाएगा, जिससे निश्चित किया जा सकेगा कि संदिग्ध अपने आइसोलेटेड स्थान पर है अथवा नहीं। इस तकनीक द्वारा लगातार गूगल मैप से ट्रैकिंग की जा सकती है । एसपी पारूल माथुर ने बताया कि मोबाइल एप का उपयोग करते हुए सभी थाना प्रभारियों द्वारा क्षेत्र के जो भी विदेश से अथवा अन्य राज्य से आए हुए ऐसे व्यक्ति जिन्हें होम आइसोलेटेड किया गया है। लगातार उनके मोबाइल पर एक्टिव किए गए लोकेशन सेटिंग के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, ताकि उनके द्वारा किसी प्रकार होम आइसोलेशन की उपेक्षा या उल्लंघन तो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लापरवाही पर तत्काल पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
























