कोमाखान:सड़क हादसे में महिला की मौत, अज्ञात कार चालक फरार

कोमाखान। ग्राम बाम्हनडीह निवासी 27 वर्षीय हीराबाई साहू की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना 4 अक्टूबर की शाम ग्राम सुवरमाल के पास NH-353 मार्ग पर इमली पेड़ के समीप हुई।
जानकारी के अनुसार हीराबाई साहू कुछ समय से अपने जीजा के घर ग्राम सिर्री में रह रही थी। 4 अक्टूबर को वह पैदल अपने घर बाम्हनडीह लौट रही थी। शाम करीब 4 बजे सुवरमाल के पास खरियार रोड की ओर से आ रही अज्ञात कार के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे सामने से टक्कर मार दी। हादसे में हीराबाई के सिर, दाहिने हाथ और कंधे में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम शव को बागबाहरा शासकीय अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मरच्युरी में रखा गया है। मृतिका के भाई ने थाना कोमाखान में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।





























