सिंघोड़ा:खड़े ट्रक में बुलेट ने मारी टक्कर, चालक घायल

सिंघोड़ा।महासमुंद जिले में सागरपाली और सिंघोड़ा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सड़क हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। घटना 2 अगस्त 2026 की सुबह करीब 11 बजे पंडा मकान के सामने हुई। घायल चालक ने उपचार एवं अन्य औपचारिकताओं के बाद 26 अगस्त को थाना पहुंचकर घटना की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार पंचराज पाल (50), निवासी कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड भिलाई, ट्रक चालक है। वह कैप्शुल ट्रक क्रमांक CG07CN1140 में बलौदाबाजार स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्टरी से सूखा सीमेंट भरकर भुवनेश्वर, ओडिशा जा रहा था। सागरपाली-सिंघोड़ा के बीच ट्रक का सामने का चक्का पंचर हो गया। चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर पंचर टायर निकालकर स्टेपनी लगाने का काम शुरू किया था।
इसी दौरान पीछे से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG04QW6695, जिसमें तीन लोग सवार थे, के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए खड़े ट्रक के पीछे की साइड में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक चालक दूर जाकर गिर पड़ा। हादसे में ट्रक का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पंचराज पाल के दाहिने हाथ, दाहिने पैर, पेट और पीठ में चोटें आईं।
ट्रक में लदा सीमेंट संबंधित कंपनी में पहुंचाने और वाहन मालिक को घटना की जानकारी देने के बाद चालक ने 26 अगस्त को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।






























