कोमाखान :टोंगोपानी मोड़ पर अज्ञात बाइक चालक ने मां-बेटी को मारी टक्कर, दोनों घायल

कोमाखान। ग्राम कसेकेरा निवासी महिला अपनी छोटी बेटी के साथ मोटरसाइकिल से कस्तूरबा छात्रावास सुनसुनिया जा रही थी। इसी दौरान टोंगोपानी मोड़ के पास तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रही अज्ञात मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार घटना 5 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे की है। महिला अपनी छोटी बेटी रजनी तांडे के साथ TVS XL 100 से बड़ी और मंझली बेटी से मिलने कस्तूरबा छात्रावास सुनसुनिया जा रही थी। टोंगोपानी मोड़ पर मेघराज साहू की दुकान के पास पहुंचने पर टोंगोपानी की ओर से आ रहे अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर से मां-बेटी सड़क पर गिर गईं। महिला के दाहिने पैर के पंजे में चोट आई, जबकि बेटी रजनी तांडे के दाहिने पैर में घुटने के नीचे चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया।
डॉक्टरों ने हालत को देखते हुए उन्हें उच्च अस्पताल रेफर किया, जिसके बाद चंडी अस्पताल बागबाहरा में उपचार कराया गया। बेटी रजनी की हालत पूरी तरह ठीक नहीं होने पर उसे AIIMS रायपुर में भर्ती कर उपचार कराया गया, जहां 27 जुलाई तक इलाज चला। वर्तमान में भी रजनी का AIIMS रायपुर में आना-जाना कर उपचार जारी है।
इलाज में व्यस्त रहने के कारण महिला ने घटना के बाद अब थाना कोमाखान पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।




























