सांकरा:तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

सांकरा। लारीपुर के पास सड़क दुर्घटना में 76 वर्षीय साइकिल सवार मायाधर प्रधान की मौत हो गई। मामले में सांकरा पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GJ 5970 के चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक मायाधर प्रधान पिता पुरूषोत्तम प्रधान, निवासी छोटे ओनकी, थाना झारबंद, जिला बरगढ़, 15 जुलाई 2026 को सुबह करीब 8 बजे अपने घर से काम के सिलसिले में लारीपुर गए थे। वहां से वापस लौटते समय बरगद पेड़ के आगे सामने से आ रही मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मायाधर प्रधान सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घायल मायाधर को डायल-112 की मदद से उपचार के लिए बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मेमो में भी दुर्घटना में गंभीर चोट लगने की जानकारी दर्ज की गई थी।
घटना के संबंध में सांकरा थाना में मर्ग क्रमांक 34/2026 दर्ज कर जांच की गई। मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों और गवाहों के बयान लिए गए। पुलिस जांच में मोटरसाइकिल चालक द्वारा वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाकर साइकिल सवार को टक्कर मारना पाए जाने पर उसके खिलाफ अपराध कायम किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।






























