सरायपाली:रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर जमीन बेचने को लेकर विवाद, दो बहनों से मारपीट

सरायपाली। ग्राम रिसीकेला में कृषि भूमि की बिक्री को लेकर रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर विवाद हो गया। आरोप है कि तीन लोगों ने दो बहनों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी, हाथ-मुक्का से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़िता ने सरायपाली थाना में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, ग्राम रिसीकेला स्थित उसकी कृषि भूमि खसरा नंबर 604/4, रकबा 0.17 हेक्टेयर तथा उसकी बहनों उमा बाई और कौशल्या बाई की भूमि क्रमशः खसरा नंबर 604/3 और 604/2, प्रत्येक 0.17 हेक्टेयर, बोदापाली निवासी टिकेश्वर पटेल को बेचने के लिए 25 अगस्त को तीनों बहनें रजिस्ट्रार कार्यालय सरायपाली पहुंची थीं।
दोपहर करीब 1.30 बजे रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर संतोष डडसेना, छबिलाल डडसेना और चंद्रमणी डडसेना ने जमीन बेचने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर पीड़िता और उसकी बहन उमा बाई के साथ लाठी, हाथ-मुक्का से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट में पीड़िता के बाएं कमर, दाएं घुटने, दाहिने कोहनी और पीठ में चोट व खरोंच आने तथा उमा बाई के दाहिने कोहनी और कमर में चोट लगने की बात कही गई है। घटना के दौरान प्राणनाथ साहू और धनुजय यादव ने बीच-बचाव कर दोनों बहनों को छुड़ाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।





























