महासमुंद:धान मंडी मैदान के पास युवक पर जानलेवा हमला, आंख और चेहरे पर गंभीर चोट

महासमुंद। जिले के ग्राम बम्हनी में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बम्हनी निवासी शंकर लाल सोनवानी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनका पुत्र लक्ष्मीचंद उर्फ राजू 16 जून 2026 की रात लगभग 8 बजे घर से घूमने के लिए निकला था। बताया गया कि वह धान मंडी मैदान के पास स्थित चौरा में सोया हुआ था।
शिकायत के अनुसार, रात करीब 9 बजे लक्ष्मीचंद घायल अवस्था में घर पहुंचा, जिसके चेहरे से खून निकल रहा था। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर उसने बताया कि गांव के हितेश कुमार उर्फ येले गायकवाड़ एवं अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फरसी पत्थर से उसके चेहरे एवं आंख पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।
घटना के बाद परिजन घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में घायल युवक का उपचार रायपुर में जारी है।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






























