कोमाखान:अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला

महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत अज्ञात वाहन की टक्कर से एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नर्रा निवासी श्रीराम पटेल (55 वर्ष) 19 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच अपनी साइकिल से सब्जी खरीदने ग्राम बिन्द्रावन गए थे। सब्जी खरीदकर वापस लौटते समय बिन्द्रावन और नक्टापार के बीच पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसे में श्रीराम पटेल के सिर, मुंह एवं दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद उन्हें तत्काल डायल-112 वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच के दौरान मृतक के पुत्र भागीरथी पटेल एवं लक्ष्मण पटेल, दामाद उत्तम पटेल तथा गवाह मुंगेलाल यादव के बयान दर्ज किए गए। जांच में प्रथम दृष्टया अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।































