तुमगांव :तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की मौत जानिए मामला

तुमगांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित करणी कृपा प्लांट के मुख्य गेट के सामने बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्लांट में कार्यरत एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान आशिष कुमार तांती (26 वर्ष), पिता नरेश तांती, निवासी फुलका थाना जमालपुर, जिला मुंगेर (बिहार) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशिष कुमार करणी कृपा प्लांट में लेबर के रूप में कार्यरत था। बताया गया कि वह 24 जून 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे प्लांट से अपने घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान सुबह लगभग 7 बजे प्लांट के मुख्य गेट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के लेबर सुपरवाइजर तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि आशिष कुमार के सिर और नाक से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था तथा उसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रायपुर की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक CG09JB2863 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सामने से टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मृतक के साथियों कैलाश यादव और आशीष यादव को दी गई, जो तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।






























