हाथियों के दल ने जमकर मचाया उत्पात, जांच में जुटा वन अमला

कोरिया वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र खडगवां के सरहदी क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से 20 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, इसी क्षेत्र में दो दंतैल हाथियों का दल भी अलग विचरण कर रहा है। सूचना पर वन विभाग का अमला हाथियो की आवाजाही पर नजर बनाये हुए है। डीएफओ, एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर जल्द से जल्द मुआवजा प्रकरण तैयार कर लोगों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार कोरिया वनमण्डल के वन परिक्षेत्र खडगवां के वृत सकडा बीट देवाडॉड क्षेत्र में हाल में 2 दंतैल हाथियों का दल पहुंच कर उत्पात मचाया है। उक्त हाथियों के दल द्वारा दो दिनों से क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है तथा घरों की हानि भी पहुंचा रहा है। दंतैल हाथियों का दो सदस्यीय दल ग्राम बेलकामार, बिरनीडॉड, मंगौरा, तेंदूडोल क्षेत्र में विचरण कर रहे है। उनके विचरण को लेकर वन विभाग के अमले ने अनुमान लगाया है कि उक्त हाथियों का दल कटघोरा वन मण्डल क्षेत्र की ओर जा सकता है।7 मार्च को हाथियों का दल देवाडॉड बीट के कक्ष क्रंमाक 621 बोदराहीडॉड, चिकनीपहाड़ क्षेत्र में रहा। इसके पूर्व इसी क्षेत्र में 20 सदस्यीय हाथियों का दल लगभग एक सप्ताह से विचरण कर रहा है। जो कोरिया जिले के सरहदी क्षेत्र जो कि कोरबा जिले से लगा हुआ है, उन क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। वन विभाग का अमला इस दल पर नजर लगातार बनाये हुए है। हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को जंगलों में न जाने, हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने तथा हाथियों से किसी भी प्रकार का छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी जा रही है। हाथियों के आगमन की सूचना के बाद क्षेत्र के ग्रामीण दहशत में जी रहे है। रात के समय ग्रामीण मशाल जलाकर हाथियों से सुरक्षित रहने जला रहे है। रात्रि मे ग्रामीण जागते हुए अपने घरों में रहते है।
हाथी प्रभावित खडगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत सकड़ा वृत के देवाडॉड बीट क्षेत्र में पहले से ही 20 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, वहीं दो दिन से दो दंतैल हाथी का दूसरा दल भी इसी क्षेत्र में पहुंच कर विचरण कर रहा है। दो सदस्यीय दंतैल हाथियों के दल द्वारा क्षेत्र के 1 ग्रामीण के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं पांच ग्रामीणों की फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया है। इसके पूर्व 20 सदस्यीय हाथियों के दल द्वारा एक दर्जन से अधिक किसानों के फसलो को नुकसान पहुंचा चुका है।
कोरिया वनमण्डल अंतर्गत वन परिक्षेत्र खडगवां के हाथी प्रभावित क्षेत्रों का वन मण्डलाधिकारी इमोतेशु आओ, उप वन मण्डलाधिकारी जेनी कुजूर अन्य अधिकारियों के द्वारा दौरा किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात वन अमले से अधिकारियों ने मुलाकात कर हाथियों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गयी और वन अमले को समझाईस दी गयी कि हाथी व मानव द्वंद को कैसे रोका जाये, साथ ही यह भी निर्देश दिये गये कि कोशिश करे कि हाथियों के दल को रहवासी क्षेत्र में आने से रोकने की पूरी कोशिश हो, साथ ही हाथियों के दल द्वारा किसानों के फसलों का नुकसान एवं संपत्ति नुकान का आंकलन कर तत्काल मुआवजा प्रकरण तैयार कर मुआवजा दिलाने के निर्देश भी दिये।























