सरायपाली से सरसीवां पहुंच मार्ग पर जगह-जगह बने अनगिनत गड्ढे

सरायपाली से सरसीवां पहुंच मार्ग पर जगह-जगह बने अनगिनत गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं। मरम्मत नहीं होने व बारिश के कारण गड्ढों का आकार भी बढ़ गया है। इससे हर पल दुर्घटना की आशंका है। सबसे अधिक सागरपाली में डबरीनुमा बने गड्ढे में आए दिन छोटी-मोटी घटना दुर्घटनाएं अक्सर होती हैं। ग्रामीण गांव के मुख्य मार्ग व मुख्य व्यवसाय क्षेत्र में बने बड़े गड्ढे से लोग परेशान हैं।ग्रामीणों की ओर से कई बार इसकी मौखिक, लिखित शिकायत भी की जा चुकी है। लेकिन, खानापूर्ति के लिए मरम्मत होती है। बारिश होने के बाद और बड़े-बड़े गड्ढे हो जाते हैं।

अब ग्रामीण सड़क की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं। ग्राम सागरपाली के ग्रामीण सोहन पटेल, सफल भोई, चिंतामणि विशाल, विष्णु नायक, रामकुमार पटेल, सूरज आदि लोगों ने बताया कि गांव के मुख्य व्यवसाय क्षेत्र पर बड़े डबरीनुमा गड्ढे बन जाने से आस-पास के दुकानदारों, मार्ग पर गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों को गड्ढे व गड्ढे में भरे मटमैले कीचड़ युक्त पानी से भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बड़े वाहन चालक टोल टैक्स बचाने इस मार्ग का भी अधिक उपयोग करते हैं। इसके चलते अधिक मजबूत सड़क को ना बनाने व मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति करने, पानी निकासी के अभाव के कारण छोटा गड्ढा बारिश होने के बाद और भारी मालवाहक वाहनों के गुजरने से बड़े गड्ढे में बदलने में समय नहीं लगता। ग्राम सागरपाली के मुख्य व्यवसाय क्षेत्र के सड़क पर बरसात के शुरुआती दौर में गड्ढे छोटे थे। भारी बारिश और गड्ढे का समय पर मरम्मत ना होने से डामर की मात्रा भी नहीं बची है।
वाहन के फंसने की रहती है आशंका
उक्त मार्ग पर गुजरने वाले चारपहिया छोटे वाहन चालक की नजर अगर उक्त डबरीनुमा गड्ढे पर नहीं जाती है तो वाहन के फंसने व खराब होने की प्रबल संभावना बनी रहती है। रात में कई छोटे वाहन को फंसते भी देखा जा सकता है। गड्ढे के साथ-साथ सड़क का कुछ हिस्सा दलदल भी हो गया है, जिसमें छोटे वाहन फंस भी रहे हैं। सड़क मरम्मत नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं।
विभाग को फुर्सत नहीं
सरायपाली से सरसीवां पहुंच मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि शहर से लेकर सरसीवां तक सैकड़ों गड्ढे बन चुके हैं और कई गड्ढे जानलेवा भी साबित हो रहे हैं। शहर में ही नगरपालिका के समीप, एचपी गैस के सामने, मुर्रा मिल के सामने बने गड्ढे हमेशा खतरे को आमंत्रित कर रहे हैं, इसमें दोपहिया व चारपहिया वाहन चालक कभी भी अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं, लेकिन विभाग को अच्छे ढंग से मरम्मत करने की फुर्सत नहीं है। इसका नतीजा आम जनता व ग्रामीण भुगत रहे हैं। डबरीनुमा गड्ढे हमेशा खतरे को आमंत्रित कर रहे हैं और आए दिन दोपहिया वाहन चालक उक्त गड्ढे वाले स्थान पर दुर्घटना के शिकार होते भी देखे जा सकते हैं। दोपहिया चालकों को ज्यादा परेशानी होती है। कई बार वे फिसलकर गिर जाते

























