महासमुंद : बस ऑपरेटर वसूल रहे मनमाना किराया

जिले में लगातार इसकी शिकायत सामने आ रही है कि अन्य रुटों में चलने वाली बसों के ऑपरेटरों की मनमानी से यात्री परेशान हैं। ये ऑपरेटर मनमाने किराया वसूल रहे हैं। यदि कोई यात्री कंडक्टर से किराए के संबंध में बात करता है, तो यात्री से ये लोग अभद्र व्यवहार करते हैं। बस कंडक्टर शासन द्वारा निर्धारित किराए से अधिक वसूल रहे हैं। एक दिन पहले ही रायपुर से सारंगढ़ चलने वाली बस के कंडक्टर द्वारा अधिक यात्री किराया लिया गया था, जिसकी शिकायत यात्री ने अधिकारी से किया था।
वहीं अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लिया। इसके बाद परिवहन विभाग के उड़नदस्ता की टीम ने बस पर 10 हजार रुपए की चलानी कार्रवाई की। इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी राम कुमार ध्रुव का कहना है कि यात्री किराया अधिक वसूली की लगातार शिकायत आ रही है। रायपुर से उड़नदस्ता की टीम सभी रुटों में जांच कर रही है। वहीं सोशल मीडिया में भी अधिकारी बने हुए है। जहां से शिकायत आती है, कार्रवाई कर रही है।
इस बस पर हुई थी 10 हजार की चालानी कार्रवाई
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया में जानकारी मिलते ही उडऩदस्ता की टीम सक्रिय हुई और रायपुर से सारंगढ़ तक चलने वाली बस क्रमांक सीजी 04 जेसी 0717शताब्दी ट्रेवल्स की बस पर को रोककर 10 हजार रुपए की चलानी कार्रवाई की। साथ ही सभी यात्रियों से लिए गए एक्स्ट्रा पैसे लौटाए जाने के निर्देश। इसके साथ ही परमिट कैंसिल करने के लिए नोटिस भी देने की बात परिवहन अधिकारी के द्वारा कंडक्टर, चालक व मालिक को कहीं गई है।
किराया के बारे में पूछने पर पर करते हैं अभद्र व्यवहार
बता दें कि रायपुर से सरायपाली मार्ग में सबसे ज्यादा शिकायत है। इस मार्ग में बस के कंडक्टर यात्रियों से अधिक वसूली करते हैं। कुछ कहने पर वे अभद्र व्यवहार कर बस से उतार देते हैं। इधर, जिला परिवहन के पास स्टॉफ की कमी होने के कारण समय-समय पर कार्रवाई नहीं होती है, इसलिए ये लोग मनमाने किराया वसूलते हैं।
फिलहाल सभी रूटों में चेकिंग के लिए जिला मुख्यालय से वर्दीधारी जवानों की मांग जिला परिवहन अधिकारी ने की है। कुछ दिन पहले ही मुख्यालय में इसके लिए बैठक भी हुई है। इस दौरान निर्णय लिया गया कि महासमुंद के अन्य रुटों में भी कार्रवाई की जाएगी।

























