
रामकुमार नायक काका ख़बरीलाल रायपुर
रायपुर।राजधानी के विधानसभा इलाके के एक निजी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाली सात साल की मासूम छात्रा से दुष्कर्म की शिकायत सामने आयी है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश के आधार पर दुष्कर्म और पास्को एक्ट का अपराध दर्ज कर बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया।पुलिस अफसरों का कहना है कि फिलहाल घटना की पुष्टि नहीं हुई है। बालिका का सीएसडब्ल्यू में बयान दर्ज कराया गया है। अभी तक के बयान और स्कूल से मिले सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। स्कूल से घर लौटी बच्ची के अंतवस्त्र गायब थे, इसलिए केस गंभीर हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मासूम का धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया जाएगा। स्कूल प्रबंधन, कर्मचारियों, साथ में पढ़ने वाले छात्रों, स्कूल बस के कर्मचारियों आदि के बयान लिए जा रहे है।छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी संज्ञान में लिया है। आयोग की अध्यक्ष प्रभा दुबे ने शुक्रवार को स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित बालिका और उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं। मामले की जांचकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अफसरों का कहना है कि मासूम बच्ची बार-बार अपना बयान बदल रही है। इससे मामला उलझ गया है। स्कूल प्रबंधन ने परिसर में ऐसी किसी भी घटना से साफ इंकार किया है।






















