सरायपाली :मेंहदी व पोशाक में सजी दुल्हन विदाई के बाद ससुराल न जाकर परीक्षा देने कॉलेज पहुंची

सरायपाली .सालभर की पढ़ाई कहीं बेकार न चली जाए, इसके लिए गहनों, मेंहदी व दुल्हन की पोशाक में सजी ग्राम दरार्भांठा की एक दुल्हन ने कॉलेज पहुंचकर परीक्षा दी। दुल्हन परीक्षा कक्ष में बैठकर प्रश्नपत्र हल करती रही और परिजन बाहर इंतजार करते रहे। परीक्षा के बाद वह शादी के कार्यक्रम में शामिल हुई। विगत दिन शहर से करीब 3 किमी दूर ग्राम दरार्भांठा में एक बारात पहुंची और पूरी रीति रिवाज के साथ विवाह समारोह सम्पन्न हुआ। उसके पश्चात कविता चौधरी की विदाई हुई, लेकिन विदाई के बाद कविता ससुराल न जाकर परीक्षा देने के लिए सीधे कॉलेज पहुंची और परीक्षा देने के पश्चात वह ससुराल गई।
इस तरह का अनोखा नजारा विगत दिनो शहर के स्व. विरेन्द्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय में देखा गया, जहां पर बीएड के द्वितीय सेमेस्टर एजुकेशन एडमिशन, एजुकेशन मैनेजमेंट, एजुकेशन टेक्नोलॉजी और एजुकेशन आर्ट विषय की परीक्षा चल रही थी, जिसमें करीब 365 छात्र-छात्राओं ने शामिल होकर परीक्षा दी। इसी दौरान विदाई के बाद दुल्हन कविता ने ससुराल न जाकर सीधे कॉलेज पहुंचकर परीक्षा दी। इसके बाद वह शादी के कार्यक्रम में शामिल हुई। इसके पूर्व कविता 3 जून को परीक्षा दे चुकी थी।
देर रात को शादी संपन्न होने के बाद सभी लोग विदाई की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सजी संवरी दुल्हन ने पहले परीक्षा देने जाने की बात कही। मेहंदी और लाल जोड़े में सजी दुल्हन का उसके पति भंवरपुर पलसापाली निवासी व ससुराल वालों ने उसका हौंसला बढ़ाया। इसके बाद पूरे श्रृंगार के साथ सजी कविता ने कॉलेज पहुंचकर परीक्षा दी। दूल्हा कॉलेज के बाहर प्रतीक्षा करता रहा। परीक्षा खत्म होने के बाद दूल्हा, दुल्हन को लेकर रवाना हुआ।
कॉलेज के शिक्षकों ने भी छात्रा के निर्णय की सराहना की
अधिकतर देखा जाता है कि परीक्षा के समय किसी युवती का विवाह तय होने और परीक्षा की तिथि व वैवाहिक तिथि के मध्य टकराव होने पर युवती परीक्षा नहीं दे पाती। इससे उसकी वर्ष भर की पढ़ाई बेकार चली जाती है। लेकिन दरार्भाटा की कविता ने जिस तरह पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए विवाह के साथ-साथ परीक्षा को भी पूर्ण किया, वह सभी पढ़ने वालों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। युवती के इस जज्बे को देखकर कॉलेज के शिक्षकों सहित पूरे कॉलेज परिवार ने भी उनकी एवं उसके ससुराल पक्ष की भी सराहना की।
विदा के बाद कॉलेज पहुंची दुल्हन
रात में ही कविता चौधरी की शादी भंवरपुर पलसापाली निवासी युवक के साथ हुई और सुबह बारात की विदा हुई। विदा के बाद आज 14 जून को सुबह 8 बजे हल्दी-मेंहदी व लाल जोड़ें में सजी हुई वह परीक्षा देने कॉलेज पहुंची। बराती गाड़ी दुल्हा दुल्हन को साथ में लेकर कॉलेज पहुंचे, जहां दुल्हन ने परीक्षा दी।
























