
मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पहली बार एक ऐसी चीज देखने को मिलेगी जिसका खिलाड़ी व फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अंपायर के जिन फैसलों को लेकर अब तक विवाद होते आए थे, अब वैसा नहीं होने वाला क्योंकि आईपीएल में डीआरएस (अंपायर निर्णय समीक्षा प्रणाली) को हरी झंडी मिल गई है। जिस तरह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टीमों को रिव्यू की सुविधा मिलती आई थी, अब आईपीएल में भी वही नजारा देखने को मिलेगा।
क्रिकेट के छोटे प्रारूप में डीआरएस का उपयोग अब तक सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहा था लेकिन अब ये लीग क्रिकेट में भी अपने पैर जमाने जा रहा है। आज आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने इसकी घोषणा की दी। राजीव शुक्ला ने कहा, ‘काफी समय से इस पर विचार हो रहा था। ‘ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टी20 पारी में हर टीम को अंपायर के एक फैसले की समीक्षा का मौका दिया जाता है। राजीव शुक्ला आईपीएल के टाटा नेक्सन के साथ तीन साल के करार के मौके पर पत्रकारों से मुखातिब थे।


























