बागबाहरा:भदरसी के पास अज्ञात बाइक ने स्कूटी सवार महिला सुपरवाइजर को मारी टक्कर

बागबाहरा। ग्राम भदरसी के पास अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने स्कूटी सवार महिला सुपरवाइजर को टक्कर मार दी। हादसे में महिला के पैर की दो अंगुलियां टूटकर कट गईं तथा तीन पसलियों में फ्रैक्चर होने से उसे गंभीर चोटें आईं। मामले में बागबाहरा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार करहीडीह निवासी स्वरजीत बराई ने 24 सितंबर को थाने में आवेदन देकर बताया कि उनकी पत्नी तरूलता बराई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुनगासेर में महिला सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ हैं। 31 अगस्त को वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा से पत्र लेकर अपने कार्यक्षेत्र मुनगासेर जा रही थीं। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच ग्राम भदरसी के पास किसी अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद घायल तरूलता ने मोबाइल से अपने पति को घटना की जानकारी दी। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उच्च संस्था रेफर कर दिया। आवेदन और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 125(1) के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।




























