सिघोडा:कोटवारी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद, ईंट-पत्थर फेंकने से युवक घायल

सिघोडा। ग्राम घाटकछार में कोटवारी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद के दौरान दो लोगों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज कर ईंट-पत्थर फेंकने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक के हाथ, पैर और पेट में चोट आई है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, 27 अगस्त की शाम करीब 7 बजे अशोक बेताल और अरुण बेताल एक राय होकर उसके घर के पास पहुंचे और दरवाजे को धक्का देकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दोनों अपने घर चले गए और वहां से ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इस दौरान पीड़िता के छोटे बेटे प्रमोद बेताल के बाएं हाथ की कोहनी, बाएं पैर के घुटने के पास तथा पेट में चोट लगी।
घटना के बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और थाना जाने की सलाह दी। शिकायत के बाद 28 अगस्त को घायल प्रमोद को मुलाहिजा के लिए सरायपाली भेजा गया। परिवार से विचार-विमर्श के बाद पीड़िता 30 अगस्त को अपने पुत्र हरिहर बेताल और प्रमोद बेताल के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






























