तेन्दूकोना :15 वर्षीय नाबालिग लापता, बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका में मामला दर्ज

तेन्दूकोना। थाना क्षेत्र के ग्राम शिकारीपाली से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 30/2026 दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान नाबालिग को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका सामने आने पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम शिकारीपाली निवासी फगनुराम निषाद ने 22 अगस्त को थाना तेन्दूकोना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री 21 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की तथा फोन से भी जानकारी ली, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
लापता किशोरी की उम्र 15 वर्ष 3 माह 5 दिन बताई गई है। वह कक्षा आठवीं तक पढ़ी है और हिंदी व छत्तीसगढ़ी बोलती है। पुलिस के अनुसार घटना के समय उसने सफेद रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की लेगिस पहन रखी थी। उसके बाएं हाथ की कलाई के पास गोदना से ‘मां’ लिखा हुआ है।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पहले गुम इंसान क्रमांक 30/2026 कायम कर जांच की। बाद में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पाए जाने पर संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश और मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।




























