महासमुंद : सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर सख्त, मवेशियों को सड़कों से हटाने और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक के पश्चात जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने रात्रि के समय सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सीईओ, सीएमओ, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई), पशुपालन विभाग, यातायात विभाग एवं नगरीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर मवेशियों को सड़कों से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु मालिकों की पहचान कर उन्हें समझाइश देने तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
बैठक में दुर्घटना संभावित चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं नए ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को दिए गए। साथ ही ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने स्कूलों के माध्यम से विद्यार्थियों के जरिए अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने यातायात विभाग को हेलमेट नहीं पहनने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी ई-चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रतीक शुक्ला ने बैठक में बताया कि जिले में चिन्हित चार नए ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
































