बसना:कपड़ा दूकान में सेंध, नकदी और कपड़े लेकर फरार हुए चोर

बसना। मुख्य मार्ग स्थित श्री राधे कपड़ा बाजार में अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर नगदी और कपड़ों सहित कुल 51,500 रुपये की चोरी कर ली। घटना के बाद व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायपाली के वार्ड क्रमांक 10 निवासी एवं कपड़ा व्यवसायी अजय अग्रवाल की बसना मेन रोड पर श्री राधे कपड़ा बाजार के नाम से दुकान संचालित है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 5 जुलाई की शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 6 जुलाई की सुबह करीब 8:45 बजे उनके भाई आकाश अग्रवाल ने फोन कर बताया कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलने पर अजय अग्रवाल दुकान पहुंचे और अंदर जाकर देखा कि गल्ले का लॉक टूटा हुआ था तथा उसमें रखे 31,500 रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा दुकान से करीब 20 हजार रुपये मूल्य की साड़ियां, जॉकी कंपनी के अंडरगारमेंट्स एवं अन्य कपड़े भी चोरी हो चुके थे। इस प्रकार चोर कुल 51,500 रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 331(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

































