सांकरा

सांकरा: भतीजे ने खेत में किया हमला, बुजुर्ग रायपुर रेफर जानिए मामला

सांकरा। थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम भतकुंदा में जमीन कब्जे के विवाद को लेकर एक 85 वर्षीय बुजुर्ग किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भतकुंदा निवासी शिव प्रसाद बर्मन (85 वर्ष) 21 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे अपने बेटे रमेश बर्मन और बहू उषा बर्मन के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके भतीजे लखन बर्मन और उसके बेटे चिंतामणि बर्मन वहां पहुंचे और खेत पर जबरन कब्जा करने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लखन बर्मन ने फावड़े के पिछले हिस्से से शिव प्रसाद बर्मन के सिर, दाएं कंधे और कमर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर से खून निकलने लगा। बीच-बचाव करने पहुंची बहू उषा बर्मन के साथ भी चिंतामणि बर्मन ने मारपीट की, जिससे उसके दोनों गालों पर चोट आई।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी रमेश बर्मन और नंदलाल पटेल ने बीच-बचाव किया। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। घायल शिव प्रसाद बर्मन को पहले सीएचसी पिथौरा, फिर जिला अस्पताल महासमुंद और हालत गंभीर होने पर डीकेएस अस्पताल रायपुर रेफर किया गया। उपचार के बाद 24 मई को पीड़ित की शिकायत पर थाना सांकरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!