महासमुंद:दुकान के सामने हंगामा मामला दर्ज

महासमुंद। शहर में भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल की बैठक के बाद भाजपा नेता महेंद्र जैन के साथ अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी हेमंत बोथरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता महेंद्र जैन ने बताया कि बैठक समाप्त होने के बाद शाम करीब 5:45 बजे वह अपनी जैन कॉस्मेटिक दुकान पहुंच रहे थे। इसी दौरान प्रिया वस्त्रालय संचालक हेमंत बोथरा उनका पीछा करते हुए दुकान के सामने पहुंचा और जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने दुकान के सामने थूककर भी अभद्र व्यवहार किया। उस समय दुकान में कई महिला ग्राहक मौजूद थीं।
महेंद्र जैन के अनुसार, दुकान से बाहर निकलने पर आरोपी गालियां देते हुए वहां से भाग गया। घटना के दौरान मोनू पटेल और अशोक ध्रुव मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी।
शिकायत में यह भी बताया गया कि बुधवार सुबह महेंद्र जैन के छोटे भाई रविंद्र जैन जब जैन मंदिर पूजा करने गए थे, तब आरोपी ने उन्हें “गेट चोर” कहकर अपमानित किया। यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही गई है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी इससे पहले भी उनके परिवार के साथ इस तरह की घटनाएं कर चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।































