छत्तीसगढ़

गरीबी और दिव्यांगता को मात देकर पूजा ने जीती NET

वार्ड क्रमांक 1 सिंचाई कॉलोनी सारबहर स्थित स्मृति वाटिका की झुग्गी-झोपड़ी में निवासरत 75 प्रतिशत श्रवण बाधित दिव्यांग युवती कुमारी पूजा साहू ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर एक प्रेरणादायी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने समाजशास्त्र विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (एनईटी) उत्तीर्ण कर क्षेत्र सहित जिले का गौरव बढ़ाया है। कुमारी पूजा साहू पीएचडी अध्ययन हेतु सहायता राशि की मांग के संबंध में जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग पहुंची थीं। उनके द्वारा बताया गया कि उन्होंने समाजशास्त्र विषय में एम.ए. की उपाधि प्राप्त की है तथा राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (एनईटी) उत्तीर्ण की है। इस संबंध में उनका आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
समाज कल्याण विभाग के प्रभारी सहायक संचालक श्री सुरेश भारती प्रतिवेदन तैयार करने के उद्देश्य से उनके निवास का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ज्ञात हुआ कि उनके पिता का लगभग 9 वर्ष पूर्व निधन हो चुका है तथा उनकी माता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के बावजूद पूजा साहू ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करती रहीं।
उनकी योग्यता एवं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें अशासकीय समाजसेवी संस्था प्रगति सेवा संस्था में सामाजिक कार्यकर्ता के पद पर कार्य उपलब्ध कराया गया है, जहां उन्हें प्रतिमाह 10 हजार रुपये मानदेय प्राप्त होगा। साथ ही पीएचडी अध्ययन हेतु सहायता राशि के संबंध में उच्च कार्यालय को आवश्यक पत्राचार की प्रक्रिया भी की जा रही है। कुमारी पूजा साहू की सफलता यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर व्यक्ति परिस्थितियों की सीमाओं को पार कर नई उपलब्धियां प्राप्त कर सकता है। उनकी यह उपलब्धि समाज के लिए प्रेरणा का विषय है तथा अन्य युवाओं के लिए भी एक सकारात्मक संदेश प्रस्तुत करती है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!