दुबई में अपनी खेल प्रतिभा दिखाएंगी गरियाबंद की दृष्टिहीन प्रीति यादव

छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी प्रीति यादव का चयन दुबई में फरवरी 2022 में दुबई में होने वाली पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इसके अभ्यास के लिए वह 9 अक्टूबर को साई सेंटर बेंगलुरु के लिए रवाना हो रही हैं। गरियाबंद में बहुत ही पिछड़े इलाके में रहने वाली प्रीति जन्म से नेत्रहीन हैं। और अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 9 पदक जीत चुकी हैं। प्रीति गरियाबंद जिले की एकमात्र ऐसी दिव्यांग खिलाड़ी हैं, जो साल 2011-12 से लेकर अब तक 10 सालों में राष्ट्रीय पैराएथलेटिक्स और सीनियर राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में हिस्सा लेकर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक में कई पदक जीते हैं। इन उपलब्धियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के युवा एवं खेल कल्याण विभाग ने उन्हें पिछले साल शहीद पंकज विक्रम खेल सम्मान से सम्मानित किया है।
BA फाइनल की स्टूडेंट, नेत्रहीन स्कूल में दे रहीं सेवाएं
प्रीति ने बताया कि वह अभी BA अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। इसके अलावा दो साल में DEd. दृष्टि बाधित/ब्रेल लिपि से कर चुकी हैं। वह भारतीय पुनर्वास परिषद की पंजीकृत सदस्य हैं। फिलहाल 7 सालों से फॉर्चून नेत्र हीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करमापटपर बागबाहरा खुर्द में विशेष टीचर के रूप में स्वैच्छिक मानदेय पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।
























