खराब बारदाना मिलने से किसान हुए आक्रोशित,बफर लिमिट से अधिक हो चुकी है धान खरीदी,नही हो रहा उठाव

रामकुमार नायक,महासमुंद(काकाखबरीलाल)। धान खरीदी का 2 हफ्ते बीत जाने के बाद भी धान का उठाव नही होने से ख़रीदी केंद्र प्रभारी काफ़ी परेशान हैं। इस वर्ष में धान उठाव में लेट लतीफ़ा न होने की सांत्वना महासमुंद कलेक्टर कार्तिकेय गोयल द्वारा धान खरीदी के पूर्व बैठक में कहा गया था।लेकिन बात अमल न होने से केंद्र प्रभारी, समिति प्रबधंक को चिंता सता रही है।
धान का उठाव नहीं होने से खरीदी केंद्रों में जाम के हालात हैं। कई केंद्रों में धान का उठाव नहीं होने की वजह से और जगह नहीं होने की वजह से खरीदी बंद होंने के हालात हैें।
मिलर्स द्वारा भेजे गए बारदाना बना जी का जंजाल
इस वर्ष पुराने बारदाने से धान खरीदी जारी है, खराब कटे फ़टे बारदाना मिलने से किसान एवं केंद्र प्रभारी भी परेशान हैं, किसानों का टोकन तो कट रहा है लेकिन बारदाना की कमी की वजह से खरीदी बंद होने की स्थिति में है। जिससे किसान वर्ग काफ़ी आक्रोशित है, पथराला धान उपार्जन केंद्र के किसान नित्यानंद गडतिया, उमाकांत प्रधान, झलेश साव, रामलाल बैजनाथ, बिलास चौधरी, गुलाब चौधरी ने काकाखबरीलाल को बताया कि किसानों का कर्ज का ब्याज लगातार बढ़ रहा है, बारदानों की वजह से धान खरीदी में लेट लतीफे होने पर काफ़ी परेशानी का सामना करना पढ़ रहा है, आक्रोशित किसानों ने कहा कि अतिशीघ्र बारदाना की कमी पूरी नही करने की स्थिति में आंदोलन , हड़ताल जैसे ठोस कदम उठाया जाएगा,
बफर लिमिट से अधिक हो चुकी है खरीदी
धान उपार्जन केंद्र पथरला के प्रभारी तुलसीराम साव ने काकाखबरीलाल को बताया कि उपार्जन केंद्र की बफर लिमिट 4400 क्विंटल है, जबकि 10,341.20 क्विंटल खरीदी हो चुकी है, जल्द उठाव नही होने पर खरीदी बंद की स्थिति आ सकती है।
























