फुलझर अंचल पूर्व सैनिक परिषद के अध्यक्ष बने धर्मेन्द्र

पूर्व सैनिक परिषद फुलझर अंचल की एक आवश्यक बैठक आहूत की गई, जिसमें विभिन्न रूप में सेना में अपनी सेवा देने के पश्चात 

अंचल के सेवानिवृत्ति सैनिकों द्वारा सैनिक संगठन को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही वर्तमान में बसना में निर्माणाधीन शहीद स्मारक के कार्य को और गति देने पर भी चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
ज्ञात हो कि फुलझर अंचल में पूर्व सैनिकों के द्वारा कई तरह के कार्य किये जा रहे हैं, जिसमें शहीद स्मारक का निर्माण कार्य एवं फुलझर डिफेंस एकेडमी के नाम से संस्था चलाना शामिल है। बैठक के दौरान पूर्व सैनिक परिषद फुलझर अंचल के संरक्षक एवं सभी सदस्यों की सहमति से परिषद के अध्यक्ष का प्रभार पूर्व सैनिक व फुलझर डिफेंस अकादमी के संचालक धर्मेंद्र चौधरी को दिया गया। बैठक में संरक्षक राधेश्याम पटेल, महेंद्र कैवट, सदाशिव चौहान, पूर्व अध्यक्ष लोकनाथ डडसेना, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू, कोषाध्यक्ष मायाराम पटेल, सह कोषाध्यक्ष मनोज सोनी, सदस्य विजय प्रधान, शौकीलाल पटेल, पुरुषोत्तम डडसेना, जय प्रकाश नायक आदि उपस्थित थे। नवनियुक्त अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि वे अपने कार्यभार को पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करते हुए आंचल में सैनिकों एवं समाज हित के लिए अनवरत कार्य करते रहेंगे। अंत में आगामी 2 जून को सरायपाली में आयोजित विशाल रक्तदान एवं मेडिकल चेकअप के लिए सभी सदस्यों का सहयोग एवं अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान करने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया गया।
























