मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सम्पत ने किया वीवीपीएटी मशीन का प्रदर्शन.

शुकदेव वैष्णव, काकाखबरीलाल/बसना। वोट डालने के बाद उसकी सत्यता को लेकर मतदाता के मन में शंका रहती थी. कि कहीं उसका वोट गलत चुनाव चिह्न पर तो नहीं चला गया। लेकिन आगामी 2019 विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को चुनाव आयोग द्वारा एक नई सुविधा दी जाएगी। इसी कड़ी में बसना नगर में पहली बार वीवीपीएटी (वोटर वेरीफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) प्रणाली का प्रदर्शन किया गया है।
इसी कड़ी में गुरुवार को बसना नगर पंचायत परिसर में पहली बार वीवीपीएटी प्रणाली का प्रदर्शन किया गया। जिसमें बसना नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सम्पत अग्रवाल जी एवं विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोग एवं गणमान्य मौजुद रहे। जानकारी देते हुए सीएमओ दिनेश यादव ने बताया कि इस प्रक्रिया में मतदाता मतदान के उपरांत पता कर सकेगा कि उसके द्वारा दिया गया मत उसकी मंशानुसार प्रत्याशी को पहुंचा कि नहीं। साथ ही वह चाहे तो वीवीपीएटी मशीन से अपने मतदान की पर्ची अर्थात स्लिप भी देख सकेगा।
सम्पत अग्रवाल ने बताया कि वीवीपीएटी मशीन के तहत वोटर विजुअली सात सेकंड तक यह देख सकेगा कि उसने जो वोट किया है क्या वह मत उसके इच्छानुसार उसके प्रत्याशी को मिला है या नहीं। इस मशीन के जरिए मतदाता को प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह और नाम उसकी ओर से चुनी गई भाषा में दिखाई देगा। इससे मतदाता की जानकारी को प्रिंट करके मशीन में स्टोर कर लिया जाता है और विवाद की स्थिति में जानकारी को उपलब्ध कराकर समस्या को निपटा लिया जाता है। उक्त कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्षद रमेश सूर्या, पार्षद रणवीर सिंह छाबड़ा, पूर्व जनपद अध्यक्ष अनिल नाग, प्राचार्य बीआर पटेल, शीत गुप्ता, सीएओ दिनेश यादव, महेंद्र राज गुप्त के सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।























