गलत टीकाकरण से बच्चे को गंभीर संक्रमण,हाईकोर्ट ने उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए

काकाखबरीलाल,पिथौरा । स्थानीय थाना अंतर्गत ग्राम राजासेवइयां निवासी रविशंकर पाढ़ी की 10 माह की बच्ची का टीकाकरण पिथौरा अस्पताल में कराया गया था। टीकाकरण में हुई लापरवाही से बच्ची के शरीर मे गंभीर संक्रमण हो गया था लिहाजा वह कोमा में चली गई थी।साथ ही बच्ची के हाथ की हड्डी भी गल गई। बहुत इलाज कराने के बावजूद भी ठीक नहीं होने के कारण बच्ची के पिता के द्वारा विभिन्न फोरमों में शिकायत करते हुए जांच एवं कार्यवाही की मांग की गई थी। लेकिन किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं होने से छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका लगाई गई थी। हाई कोर्ट बिलासपुर में इस मामले में सुनवाई हुई है। जहां पर हाई कोर्ट ने शासन से जवाब तो मांगा ही है साथ ही जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी को यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि गंभीर संक्रमण से पीड़ित बच्ची का ध्यान रखते हुए तत्काल उच्चस्तरीय इलाज करावें। व समग्र परिस्थितियों से न्यायालय को अवगत करावे।
बता दें कि ग्राम राजासेवइयां निवासी रविशंकर पाढ़ी ने शासकीय योजना अंतर्गत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी 10 माह की बच्ची का टीकाकरण कराया था। टीकाकरण के बाद से ही उसके हाथ में गंभीर संक्रमण हो गया था। जिसका लंबा उपचार चलता रहा फिर भी बच्ची के हाथ मे सुधार नही हुआ।इसी बात को लेकर श्री पाढ़ी शासन प्रशासन से शिकायत भी की थी किंतु उसकी शिकायत पर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। लिहाजा उनके द्वारा हाईकोर्ट बिलासपुर में अधिवक्ता सरफराज खान के माध्यम से याचिका प्रस्तुत कर उच्चस्तरीय चिकित्सा की मांग करते हुए दोषी को दंडित करने व मुआवजा राशि की मांग की है।
























