सरायपाली: तेल के टीपे में पानी भरकर ठगी करने वाले युवक चढ़े पुलिस के हत्थे

सरायपाली (काकाखबरीलाल).लोगों से ठगी कर अपने नशाखोरी के लिए पैसे की जुगत में लगे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उक्त युवक बाजारपारा के आसपास बुजुर्ग लोगों को देखकर उनसे ठगी करते थे और उससे मिले पैसे से अपने नशे की लत पूरी करते थे।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बीते कुछ समय से उन्हें सूचना मिल रही थी कि बाजारपारा के पास कुछ लोग तेल के टीपे में पानी भरकर उसे पुनः सीलपैक कर देते थे और बुजुर्ग दिखने वाले लोगों को तेल के नाम पर उसे सस्ते दामों में बेच देते थे। इसी तरह अन्य कुछ सामानों के रूप में ठगी करने की शिकायतें मिल रही थी। शिकायत मिलने के पश्चात
पुलिस की टीम ने बाजार पारा जाकर वहां की स्थिति पर नजर रखना शुरू किया। इसी बीच एक दिन विनोद डाँग पिता भीखम उम्र 22 वर्ष एवं परदेशी दास पिता नरेश दास पिता नरेश दास उम्र 28 वर्ष दोनो निवासी वार्ड नं11 बाजारपारा को इसी तरह तेल के टीपे के साथ एक व्यक्ति से ठगी करते हुए पकड़ा। पूछताछ में उनसे पता चला कि वे अपने नशे की लत के कारण पैसे की व्यवस्था करने के लिए इस तरह का कार्य करते थे। वे ठगी करने के लिए बुजुर्गों को चुनते थे। तेल के टीपे में पानी भरकर उसे पुनः पैक कर देते थे और स्वयं को दुकान में काम करने वाला बताते हुए उक्त टीपे को चोरी का है कहकर कम दामों पर बेच देते थे । खरीदने वाला भी सस्ते में तेल मिलने की बात पर उसे खरीद लेता था, लेकिन ठगी का पता चलने के बाद भी चोरी का सामान होने के कारण शिकायत भी नहीं कर पाता था। आखिरकार बाजारपारा के ही आस-पास के लोगों से पुलिस को इसकी शिकायत मिली और उन्होंने आरोपियों को धर दबोचा। दोनो आरोपियों के खिलाफ धारा 151 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।






























