महासमुंद :रेलवे क्रासिंग में ट्रैक के बीच ट्रक हुआ खराब, 1 घंटे जाम रहा हाईवे

बेलसोंडा रेलवे क्राॅसिंग में घुमावदार होने की वजह से एक तो आवाजाही करने वाले ऐसे ही परेशान हैं वहीं रेलवे का रैक स्थापित होने के बाद से परेशानी और बढ़ गई है। ट्रकों को खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, इसके कारण ये ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इसकी वजह से आवाजाही करने वालों को परेशान होना पड़ता है, वहीं क्राॅसिंग बंद होने के बाद जाम की स्थिति निर्मित होती है। बता दें कि बेलसोंडा रेलवे क्राॅसिंग पर आए दिन जाम लगने से आवाजाही करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोहरीकरण के बाद ये परेशानियां और बढ़ गई हैं।शनिवार को रैक की ओर जा रहा एक ट्रक क्राॅसिंग के बीच ट्रैक पर ही खराब हो गया। इसकी वजह से ट्रेन यातायात भी कुछ मिनटों के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन सड़क यातायात करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। बहाल करने में यातायात पुलिस को करीब आधे घंटे मशक्कत करनी पड़ी, तब कहीं जाकर दो किमी तक लगे लंबे जाम से मुक्ति मिली।
इस संबंध में यातायात निरीक्षक इंद्रभूषण िसंह ने बताया कि ट्रक सीजी 06 जीएफ 3309 रेलवे के रैक की ओर जा रहा था, जैसे ही ट्रक क्रॉसिंग के पास पहुंचा वहीं खराब हो गया। ट्रक आगे नहीं बढ़ा। ट्रेक पर ही ट्रक खड़ा हो गया है। इसकी वजह से यातायात प्रभावित हो गया। जवानों व अन्य लोगों की मदद से ट्रक को ट्रैक से आगे बढ़ाया गया। इसके बाद मालगाड़ी के आने का सिग्नल हो गया और क्रॉसिंग का गेट बंद हो गया। इसकी वजह से क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
20 मिनट रेलवे यातायात भी हुआ प्रभावित
ट्रक खराब होने की वजह से रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा। बेलसोंडा रेलवे स्टेशन मास्टर ने बताया कि गाड़ी आने का समय था। उसी समय बीच ट्रैक पर ट्रक खराब हो गया। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया था। करीब 40 मिनट लगे ट्रक को ट्रैक से हटाने में। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
जब ट्रैक से ट्रक को हटाया गया उसके बाद क्रॉसिंग का गेट बंद कर महासमुंद से रायपुर व बेलसोंडा से महासमुंद की ओर मालगाड़ी को रवाना किया। चालक की वजह से करीब 15 से 20 मिनट रेलवे यातायात प्रभावित रहा। इधर, सूचना मिलते ही यातायात के जवान पहुंचे और यातायात बहाल कराया, जिसमें करीब आधा घंटा लग गया।





























