सरायपाली:बेटे से मारपीट की शिकायत पूछने पहुंचे पिता से तीन लोगों ने की मारपीट

सरायपाली। ग्राम मोहदा में गणेश विसर्जन के दौरान बेटे के साथ हुई मारपीट के संबंध में पूछताछ करने पहुंचे पिता के साथ तीन लोगों द्वारा गाली-गलौज कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 296 एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम मोहदा निवासी पीड़ित खेती-मजदूरी का काम करता है। 25 सितंबर को गांव में गणेश विसर्जन के दौरान उसके बेटे जयकृष्ण पटेल के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। बेटे से घटना की जानकारी मिलने के बाद 26 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे वह होरीलाल पटेल के घर के पास पहुंचा। वहां होरीलाल पटेल, कुमार पटेल और लोरित पटेल मौजूद थे।
पीड़ित ने तीनों से उसके बेटे जयकृष्ण के साथ मारपीट करने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुमार पटेल ने हाथ-मुक्के से मारपीट करते हुए उसे जमीन पर पटक दिया। इससे उसके बाएं पैर के घुटने में चोट आई। घटना के दौरान जयकृष्ण पटेल, बंधन सिंह पटेल और चंदन सिंह पटेल ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






























