सरायपाली:तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर, गंभीर घायल

सरायपाली। ग्राम खैरमाल निवासी किशन नायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 22 सितंबर की सुबह करीब 10:15 बजे उसका भाई सुरेश नायक पैदल अर्जुंडा चौक बाल कटवाने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम अर्जुंडा स्थित एकलव्य इंग्लिश स्कूल के गेट के सामने ग्राम तोरेसिंहा की ओर से सरायपाली आ रही बिना नंबर की ऑरेंज-ब्लैक रंग की KTM 200 ड्यूक मोटरसाइकिल के चालक लोकेश साहू ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से सुरेश को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सुरेश नायक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया और उसके सिर व बाएं घुटने में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से उसे ओम अस्पताल सरायपाली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में उसका उपचार रायपुर के नवकार अस्पताल में चल रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार घटना के प्रत्यक्षदर्शी सुभाष मल्होत्रा, चुड़ामणी नायक एवं संजय मांझी हैं। किशन नायक ने पुलिस से आरोपी वाहन चालक के खिलाफ तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।






























