बागबाहरा:बिहाझर से विवाहिता लापता, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी

बागबाहरा। ग्राम बिहाझर निवासी सेवकराम साहू ने अपनी पत्नी सीमा साहू के लापता होने की रिपोर्ट थाना बागबाहरा में दर्ज कराई है। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 53/2026 कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार सेवकराम साहू 29 अगस्त 2026 को राइस मिल में काम करने के लिए बलौदाबाजार गया था। उसकी पत्नी सीमा, दो बच्चे एवं माता-पिता घर पर थे। 31 अगस्त को सेवकराम के पिता ने फोन कर बताया कि सीमा घर पर नहीं है और कहीं चली गई है। इसके बाद सेवकराम वापस बिहाझर पहुंचा और पत्नी की तलाश की। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों से पूछताछ करने के बाद भी सीमा के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
लापता महिला की हुलिया के अनुसार उसकी ऊंचाई करीब 5 फीट 2 इंच, मजबूत शरीर, गोल चेहरा, काली आंखें, गोरा रंग और काले बाल हैं। घटना के समय वह गुलाबी रंग की साड़ी और ब्लाउज पहने थी। नाक में सोने की नथनी तथा कान में बाजारू बाली पहनी हुई है। वह दसवीं तक पढ़ी है और हिंदी व छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान महिला का ठिकाना एवं सुरक्षा अज्ञात होने के कारण किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा उसे ले जाकर किसी अज्ञात स्थान पर रखे जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के परिपालन में धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।





























